Sunday, July 19, 2026
38.9 C
Delhi
Sunday, July 19, 2026
HomeBlog20 दिसंबर को जगदलपुर में होगा जिला स्तरीय युवा महोत्सव

20 दिसंबर को जगदलपुर में होगा जिला स्तरीय युवा महोत्सव

जगदलपुर, 18 दिसम्बर 2025/ बस्तर जिले की समृद्ध संस्कृति और युवा प्रतिभाओं को एक नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आगामी 20 दिसंबर को प्रियदर्शिनी स्टेडियम जगदलपुर में ‘जिला स्तरीय युवा महोत्सव 2025’ का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में जिले के सभी विकासखंडों से चयनित उत्कृष्ट कलाकार और प्रतिभागी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे, जिन्हें ब्लॉक स्तर पर विजेता घोषित किया गया है।
इस वर्ष के युवा महोत्सव में पारंपरिक और आधुनिक कलाओं का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। प्रतियोगिता में लोक नृत्य, पंथी, राउत नाचा, सुआ और कर्मा नृत्य जैसी विधाओं के साथ-साथ लोकगीत, एकांकी नाटक और रॉकबैंड की प्रस्तुतियां भी शामिल होंगी। इसके अतिरिक्त, बौद्धिक और रचनात्मक श्रेणियों में वाद-विवाद, कहानी लेखन, चित्रकला, कविता लेखन और विज्ञान मेला (नवाचार) का भी आयोजन किया जाएगा। विशेष रूप से चित्रकला प्रतियोगिता का विषय ‘नशा मुक्त युवा’ या ‘स्वस्थ जीवनशैली’ रखा गया है, जबकि वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रतिभागी ‘आपातकाल और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा’ जैसे गंभीर विषयों पर अपने विचार रखेंगे। प्रतिभागियों की आयु सीमा 15 से 29 वर्ष निर्धारित की गई है।
जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले विजेताओं के लिए आगे की राह और भी रोमांचक होगी। चयनित दल और प्रतिभागियों को 23 से 25 दिसंबर तक बिलासपुर में आयोजित होने वाले ‘राज्य स्तरीय युवा महोत्सव’ में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इतना ही नहीं लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला, वाद-विवाद और कविता लेखन जैसी विधाओं के विजेता राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे, जिसका आयोजन 10 से 12 जनवरी 2026 को नई दिल्ली में किया जाएगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular