जिला स्तरीय समिति द्वारा 07 प्रकरणों पर साढ़े 12 लाख रुपए की सहायता की अनुशंसा
जगदलपुर, 01 नवम्बर 2025/ टक्कर मार कर भागना, मोटरयान दुर्घटना पीड़ित प्रतिकर स्कीम 2022 के अंतर्गत दावा प्रकरणों की समीक्षा समेत स्वीकृति हेतु कलेक्टर एवं दावा निपटान आयुक्त श्री हरिस एस की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित बैठक के दौरान जिला स्तरीय समिति के द्वारा 07 प्रकरणों पर साढ़े 12 लाख रुपए की सहायता प्रदान करने की अनुशंसा की गई, जिसमें कैशलेस ट्रीटमेंट की सहायता भी सम्मिलित है।
कलेक्टर एवं दावा निपटान आयुक्त श्री हरिस ने बैठक में हिट एंड रन के लंबित प्रकरणों का जल्द निराकरण कर संवेदनशीलता के साथ पीड़ितों को त्वरित मदद देने पर जोर देते हुए अधिकारियों को आवश्यक जांच एवं दस्तावेजों की पूर्ति किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने हर महीने में प्रकरणों की स्वीकृति के लिए प्रत्येक सप्ताह प्रकरणों जांच एवं रिपोर्ट की अद्यतन स्थिति के बारे में अवगत करवाने कहा। बैठक के दौरान दावाकर्ता तोकापाल तहसील अंतर्गत केशलूर निवासी श्री जगन्नाथ बघेल पिता सुकरू एवं श्री अजय शर्मा पिता अयोध्या प्रसाद शर्मा, एर्राकोट निवासी श्री रामधर कश्यप पिता स्वर्गीय बोजो सहित बास्तानार तहसील अंतर्गत मूतनपाल निवासी श्री बोके राम गावड़े पिता स्वर्गीय कोसा गावड़े और बकावण्ड तहसील के मोंगरापाल निवासी श्रीमती गुड़िया ठाकुर पति स्वर्गीय रामलाल ठाकुर प्रत्येक को दो-दो लाख रुपए सहायता प्रदान का अनुमोदन किया गया। वहीं करपावण्ड तहसील अंतर्गत तोंगकोंगेरा निवासी दावाकर्ता श्रीमती भीनेश्वरी खम्बारी पति जगन्नाथ खम्बारी को 50 हजार रुपए की सहायता प्रदान करने की अनुशंसा की गई है। इन अनुशंसित प्रकरणों में चिकित्सालयों के द्वारा आयुष्मान कार्ड के माध्यम से उपलब्ध करवाए गए कैशलेस ट्रीटमेंट की सहायता शामिल है। बैठक में मौजूद समिति के सदस्य अधिकारियों सहित नामित समाजसेवी संगठन के प्रतिनिधी द्वारा अपने अमूल्य सुझाव दिए गए।


